जीवन में शिक्षक का महत्व

teachers day

व्यक्ति के जीवन में शिक्षक का एक अहम स्थान होता है। व्यक्ति समय के साथ जीवनभर कुछ न कुछ सीखता है। किसी भी चीज को जल्द व चरणबद्ध तरीके से सीखने के लिए हम सभी को शिक्षक की आवश्यकता होती है। शिक्षक हमारे ज्ञान व विचारों को नई दिशा प्रदान करते हैं। साथ ही वह हमें एक अच्छा नागरिक बनने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। आगे जानते हैं कि शिक्षक हमारे जीवन को कैसे प्रभावित करते हैं और इनकी भूमिका क्यों महत्वपूर्ण होती है।  

विचारों को नई दिशा देना
शिक्षक बच्चों के दिमाग बचपन से ही सही दिशा देने का कार्य करते हैं। किताबी ज्ञान के साथ ही शिक्षक हमें व्यावहारिक जीवन में भी विचारों की उपयोगिता को बताते हैं। इसके साथ ही किसी कार्य को करने के सही तरीके के बारे में भी शिक्षक ही हमें समझाते हैं।

अनुशासन सिखाते हैं

अनुशासित जीवन से ही मुश्किल कार्य को पूरा किया जा सकता है। शिक्षक हमें बचपन से ही अनुशासन का महत्व बताते हैं। इसके साथ ही अनुशासित जीवन से किसी भी मुश्किल या कठिनाई को दूर करने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

कठिनाईयों को दूर करने के तरीके बताना

हमारे जीवन में करियर व उच्च शिक्षा से संबंधित कई कठिनाईयां आती हैं। कई बार तो हमें यह मालूम ही नहीं होता कि हम किस क्षेत्र में अपना करियर बनाएं। ऐसे में शिक्षक ही हमें सही राह दिखाते हुए, हमें रुचि के अनुसार करियर व उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अग्रसर करते हैं।

संस्कार प्रदान करते हैं
घर के बाद स्कूल ही वह स्थान हैं जहां पर बच्चा अधिक समय व्यतीत करता है। स्कूल में मौजूद शिक्षक हमें कई अच्छे संस्कार भी प्रदान करते हैं। वह सिखाते हैं कि हमे अपने घर के बड़े, बुजुर्गों और बच्चों के साथ किस तरह से पेश आना चाहिए। इसके साथ ही वह अन्य अच्छी आदतों को सीखने में हमारी मदद करते हैं।

लक्ष्य प्राप्ति में सहायक

किसी कार्य को पूरा करने के लिए एक निश्चित रणनीति की आवश्यकता होती है। शिक्षक ही वह व्यक्ति होता है, जो हमें मुश्किल से मुश्किल कार्य को सही तरह से करने के रणनीति को बनाने में सहायक होता है। इतना ही नहीं शिक्षक एक अभिभावक की तरह हमारी हर तरह से मदद करने में तत्पर रहते हैं।  

रोल मॉडल की तरह
बचपन से शिक्षक हमारा मार्गदर्शन करते हैं। सभी छात्रों के साथ समान रूप से व्यवहार करने वाले शिक्षक हमारे लिए एक रोल मॉडल की तरह होते हैं। हम सभी बचपन से ही उनकी तरह बनना चाहते हैं। 

Post a Comment

0 Comments